पेशी के दौरान हत्या के आरोपी को मारने आया बदमाश पकड़ा
खुर्जा। इदरीश हत्याकांड के आरोपी सरफराज की कोर्ट में पेशी के दौरान हत्या करने की साजिश थी। हालांकि मेरठ के ब्रहमपुरी थाने में पांच आरोपियों के पकड़े जाने के बाद पूरी वारदात का खुलासा हो गया। जिसके चलते भाड़े के शूटर को भी एसओजी और खुर्जा पुलिस ने पकड़ लिया। हालांकि अभी पुलिस इस मामले का खुलासा करने से पहले कुछ और तथ्य जुटाने में लगी हुई है।
15 जुलाई को खुर्जा के शेखपैन मोहल्ले की मस्जिद में घुसकर 65 वर्षीय इदरीश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में इदरीश के बेटे इरफान ने पड़ोसी सरफराज, भाई उमरदीन, पिता रियासुद्दीन, मामा मुस्तकीम, साथी अफसर और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया था कि हमलावरों में सिकंदराबाद निवासी आरिफ और मुबारक भी शामिल हैं। हालांकि इसमें मुख्य आरोपी सरफराज ने 18 जुलाई को अनूपशहर कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इदरीश हत्याकांड से खफा होकर उसके परिजनों ने मुख्य आरोपी सरफराज की कोर्ट में पेशी के दौरान हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए एक भाड़े के शूटर को तमंचा उपलब्ध कराते हुए हत्याकांड को अंजाम देने का जिम्मा दिया गया था। बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेशी के दौरान सरफराज की हत्या करने की साजिश थी लेकिन इससे पहले ही पूरा मामला खुल गया। मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना पुलिस द्वारा तीन दिन पहले पांच आरोपियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने ईदरीश हत्याकांड के आरोपी सरफराज की खुर्जा कोर्ट में पेशी के दौरान हत्या की साजिश रची है। इसके लिए एक भाड़े के शूटर को हथियार व धनराशि दी गई थी। मेरठ पुलिस ने तत्काल एसओजी व खुर्जा पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने अवैध हथियार के साथ शूटर को पकड़ लिया।
15 साल पुरानी थी रंजिश
आरोपी का कहना है कि 15 साल पहले उसके बड़े भाई साबू कबाड़ी की हत्या कर दी गई थी। उसमें इदरीश के परिवार के लोग शामिल थे। तभी से दोनों परिवार में रंजिश थी। दोनों कबाड़ का कारोबार करते थे। सरफराज का कबाड़ का काम अच्छा चल रहा था। इसी बात से परेशान होकर इदरीश उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराता रहता था। जिससे परेशान होकर सरफराज ने अपने भाई व रिश्तेदारों के साथ मिलकर इदरीश की हत्या कर दी थी।
पूरे दिन पुलिस रही सतर्क, सीओ ने की जांच
हमले की सूचना को लेकर बृहस्पतिवार को पूरे दिन पुलिस सतर्क रही। कचहरी गेट, परिसर और वकीलों के चैंबरों पर पुलिस ने पहुंच कर जांच भी की। कोर्ट में आने वाले सभी आरोपी और लोगों की पूरी जांच की गई। डॉग स्कवाड के साथ क्षेत्राधिकारी दिलीप सिंह और थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर ने जांच करते हुए कोर्ट में आने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर उनके सामान की जांच की।
कोर्ट परिसर में किसी वारदात को अंजाम देने के लिए आए एक आरोपी को पकड़ा गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द से जल्द इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। - श्लोक कुमार, एसएसपी