नगर के यमुनापुरम स्टेडियम में फुटबाल टीम के साथ जिला क्रीड़ाधिकारी। स्रोत : खेल विभाग
बुलंदशहर। यमुनापुरम स्टेडियम में मंगलवार शाम जूनियर बालक वर्ग की फुटबाॅल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अंडर-14 व अंडर-16 आयु वर्ग में छह-छह टीमों ने प्रतिभाग किया। जिसमें अंडर-14 में शिकारपुर व अंडर-16 में उत्तर यूनाइटेड की टीम विजेता रही। विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन डीके शर्मा, विशिष्ट अतिथि जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह व भारी उद्योग मंत्रालय के स्वतंत्र निदेशक सुंदरपाल तेवतिया रहे। जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि फुटबॉल में जिला स्तरीय जूनियर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया।
अंडर-14 आयु वर्ग का फाइनल मुकाबला डीपीएस बुलंदशहर व अभय फुटबॉल एकेडमी, शिकारपुर के बीच खेला गया। यह मुकाबला बराबरी पर रहा। विजेता का चयन करने के लिए हुए पेनल्टी शूटआउट में अभय फुटबॉल एकेडमी शिकारपुर ने चार-दो से जीत दर्ज की। अंडर-16 आयु वर्ग का फाइनल मुकाबला डीपीएस बुलंदशहर व उत्तर यूनाइटेड टीम के बीच खेला गया। जिसे उत्तर यूनाइटेड ने एक-शून्य से जीत दर्ज विजेता रही। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि डीके शर्मा, नवीन कुमार सिंह व सुंदरपाल तेवतिया ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।