संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जनपद में दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। सुरक्षा के लिहाज से 32 कंपनी पैरामिलिट्री के साथ विभिन्न जनपदों से आए पुलिस बल, पीएसी आदि को तैनात किया गया था। साथ ही सभी संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया था।
बुलंदशहर लोकसभा सीट में आने वाली सदर, शिकारपुर, डिबाई, स्याना व अनूपशहर विधानसभा सीट पर शुक्रवार को मतदान संपन्न हुआ। एसएसपी ने मतदान केंद्र के अंदर सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों को सौंपी थी। जबकि, बूथ के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था सिविल पुलिस-प्रशासन के जिम्मे रही। मतदान स्थलों पर कुल 32 कंपनी सीपीएमएफ (सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स) तैनात की गई थी। जिसमें बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, विशेष रेलवे सुरक्षा फोर्स के अलावा करीब चार हजार पुलिसकर्मी जनपद लखीमपुर खीरी, बांदा, लखनऊ, प्रयागराज, अंबेडकरनगर, कौशांबी, सहारनपुर आदि जिलों से मिले थे। पैरा मिलिट्री फोर्स व बाहर से आई पुलिस को थानेवार आवंटित किया गया था। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से पांचों विधानसभाओं को 33 जोन व 191 सेक्टर में बांटा गया था। वहीं, स्वचालित हथियारों से लैस पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों को अधिकारियों ने निर्देश थे कि अगर कोई असामाजिक तत्व मतदान को प्रभावित करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं, शुक्रवार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद नजर आई। नेशनल हाईवे पर पड़ने वाले बूथों के पास बैरिकेडिंग की गई थी।
एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि जनपद में दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। जनपद में कहीं से कोई भी उपद्रव, हंगामे आदि की शिकायत नहीं आई है। जिलेभर में मतदान व्यवस्था अनुरूप व शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।