40 दिन बातों में बीते, अब तक शुरू नहीं हुई नालों की सफाई
बुलंदशहर/ खुर्जा/ सिकंदराबाद। बोर्ड बैठक में नाला सफाई के लिए बजट पास हुए एक माह से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक नालों की सफाई नहीं की गई है। मानसून आने वाला है, लेकिन अभी तक नालों की सफाई के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। आलम यह है कि शहर के नाले व नालियां कूड़े-कचरे से अटे पड़े हैं। यदि तेज बारिश होगी तो लोगों को एक बार फिर से जलभराव की समस्या से जूझना पड़ेगा।
मानसून के मौसम से पहले शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नाले व नालियों की सफाई की जाती है। आम तौर पर 15 जून तक सभी नालों की सफाई की जानी चाहिए, लेकिन इस बार शहर के नालों एवं नालियों की सफाई को लेकर नगरपालिकाओं के अफसर सचेत नहीं दिख रहे हैं। नगर के मोहल्ला साठा, आनंद विहार, बंद, राधा नगर, रोडवेज बस स्टैंड समेत अन्य क्षेत्रों के नाले कूड़े व कचरे से अटे पड़े हैं। पुलिस लाइन के मुख्य नाले के हालात यह हैं कि पानी की निकासी भी ठीक से नहीं हो पा रही है। जिसके चलते हल्की बारिश में पूरी गंदगी सड़कों पर फैलने की आशंका है। इसके अलावा जेपी जनता इंटर कालेज के पीछे गली में भी नाले में कूड़ा-करकट भरा पड़ा है। नालों से आ रही बदबू से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन अफसरों पर इसका कोई खास फर्क नहीं दिख रहा है। इसके अलावा कालोनियों में भी छोटे-छोटे नालों में गंदगी के साथ मिट्टी भरी पड़ी है। जिसके चलते नालियों में करीब दो फीट ऊपर पानी बह रहा है।
जिले में नगर पालिका व पंचायतों के हालात खराब
न केवल नगर पालिका बुलंदशहर बल्कि जिले की सभी 17 नगर पालिका व पंचायतों के अधिकारियों ने नालों की सफाई के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की है। जिसके चलते पूर्व की भांति इस बार भी बारिश के मौसम में गलियों में जलभराव की समस्या का अंदेशा लगा हुआ है। लोगों का आरोप है कि कई बार नाला सफाई के लिए अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन नाला सफाई की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
गंदगी से अटे पड़े नाले, लोगों के लिए बनी मुसीबत
खुर्जा। नगर में नियमित सफाई नहीं होने के कारण नालों में गंदगी भरी हुई है। ऐसे में कॉलोनियों और मोहल्लों की नालियों की निकासी भी प्रभावित रहती है। नगर स्थित देवी मंदिर के पास बड़ा नाला है। इसमें विभिन्न कालोनियों का पानी निकलता है, लेकिन नाले में नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी का अंबार लग गया है। कई जगह पर नाले के किनारे बनी दीवार भी टूटकर गिरने लगी है। ऐसे में कालोनियों के गंदे पानी की निकासी प्रभावित होती है। इसके अलावा कालेज रोड और महाराजा अग्रसेन स्कूल के सामने गंदे नाले की स्थिति भी काफी खराब हो रही है। आसपास की सूर्य लोक कालोनी, चंद्रलोक कालोनी, कालेज रोड मोहल्ला, ढोरी मोहल्ला और न्यूज शिवपुरी कालोनी की नालियों की निकासी प्रभावित हो रही है।
नालों की सफाई मानसून से पहले की जाती है। किस निकाय क्षेत्र में सफाई नहीं कराई गई है, इसको लेकर जानकारी की जाएगी। सफाई में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. प्रशांत कुमार, एडीएम प्रशासन व स्थानीय निकाय प्रभारी