बुलंदशहर। शातिर साइबर ठगों ने सिकंदराबाद निवासी स्कूल संचालक को ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर करीब दस लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात शातिरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना साइबर क्राइम में सिकंदराबाद के मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी शिवम गोयल ने तहरीर दी। बताया कि उनका मोहल्ले में ही कृष्णा कान्वेंट स्कूल है। करीब एक माह पहले उन्होंने शेयर मार्केट एवं अन्य इन्वेस्टमेंट एप के बारे में जानकारी की थी। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक ग्रुप के व्यक्ति ने खुद को हरीश कुमार बताते हुए संपर्क किया। आरोपी ने क्रिप्टो करंसी एवं बिटक्वाईन में इन्वेस्टमेंट की जानकारी देते हुए मुनाफे में 30 प्रतिशत कमीशन मांगा।
आरोपी की बातों में आकर उन्होंने सहमति दे दी, जिसके बाद उनका ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया गया। पीड़ित से अलग-अलग समय पर धनराशि जमा कराते हुए मुनाफा दिखाते हुए 30 प्रतिशत कमीशन ले लिया जाता था। 8 जुलाई 2025 को ट्रेडिंग के बाद 21.78 लाख रुपये का फायदा दिखाते हुए 6.53 लाख रुपये कमीशन जमा कराने और उसके बाद ही अपने रुपये निकाल सकने की बात कही गई। पीड़ित के अनुसार उन्होंने कमीशन जमा कर दिया लेकिन उनके खाते में कोई धनराशि नहीं आई।
फिर पीड़ित से 15 प्रतिशत टैक्स मांगा जाने लगा। इस तरह आरोपियों ने उनके साथ करीब 10 लाख रुपये का फ्रॉड कर लिया। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना साइबर प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की शिनाख्त कर खुलासा कर दिया जाएगा।