कोतवाली क्षेत्र के रौंडा गांव के पास एक स्कूली बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने जबर्दस्त टक्कर हो गई। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। वहीं, बस के ड्राइवर समेत कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, छात्र के परिजनों ने शव को अनूपशहर-बुलंदशहर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम व पुलिस के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण उच्चाधिकारियों के बुलाने की मांग पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का धरना जारी था।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के शेखुपुर रौरा गांव स्थित बीआर पब्लिक इंटर कॉलेज की एक मिनी बस छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर जा रही थी। रौंडा गांव के स्कूल के पास सामने की ओर से आ रहे तेज गति के ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि बस की एक साइड के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायल बच्चों व ड्राइवर को बस से बाहर निकाला और वाहनों की व्यवस्था कर घायलों को बुलंदशहर पहुंचाया।
घायल छात्र प्रीत (9) पुत्र रवि निवासी गांव जुगसाना खुर्द की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि अर्चना पुत्री योगेंद्र व ड्राइवर राजेंद्र पुत्र यतेंद्र निवासी ढकनगला थाना अहमदगढ़ गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में करीब 12 छात्र घायल हैं।
मौत का समाचार सुनकर सैकड़ों लोग पहुंचे
प्रीत की मौत का समाचार सुन सैकड़ों की तादात मे आसपास के गांव के लोग सड़क पर एकत्रित हो गए और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई व आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर अनूपशहर-बुलंदशहर मार्ग पर जाम लगा दिया।
धरनास्थल पर एसडीएम अनूपशहर अरुण कुमार यादव व कोतवाल प्रभात कुमार वर्मा ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े रहे। घटना के बाबत कोतवाल प्रभात कुमार वर्मा का कहना है कि तहरीर न मिलने के चलते अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है जबकि आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे मे लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना स्थल पर दौड़े परिजन
बस दुर्घटना की खबर जैसे-जैसे ही अभिभावकों को लगी बदहवाश अभिभावकों की दौड़ कॉलेज की ओर लगना शुरू हो गई। कई अभिभावकों घटना मे सुरक्षित बचे अपने बच्चों से सड़क पर ही गले मिलते नजर आए। वहीं, कई बच्चों के परिजन रोते नजर आए।