बुलंशहर। उत्तर प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति योजना की समय सारिणी जारी की है। यह योजना अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रिया शर्मा ने इसकी जानकारी दी।
छात्रवृत्ति से संबंधित पूरी प्रक्रिया scholarship.up.gov.in के माध्यम से संचालित की जाएगी। नवीनीकरण कराने वाले विद्यार्थी 11 से 25 अगस्त तक हार्ड कॉपी विद्यालय में जमा कर सकेंगे। विद्यालय 11 से 30 अगस्त तक छात्रों के बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण और उपस्थिति दर्ज करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक 31 अगस्त से 10 सितंबर तक आवेदनों का सत्यापन करेंगे। त्रुटिपूर्ण डाटा सही करने का मौका 17 सितंबर से 10 अक्तूबर तक मिलेगा। नवीनीकरण आवेदकों को धनराशि का अंतरण 29 सितंबर से पांच अक्तूबर के बीच होगा।
कक्षा नौ से 12 तक के नए छात्र 11 अगस्त से पांच अक्तूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। उन्हें संस्थान में हार्ड कॉपी भी इसी अवधि में जमा करनी होगी। विद्यालय इन आवेदनों का सत्यापन 13 अगस्त से 15 अक्तूबर तक करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर पर सत्यापन 16 अक्तूबर से पांच नवंबर तक होगा। नए आवेदकों के खातों में धनराशि 25 जनवरी 2027 से 31 जनवरी 2027 के बीच भेजी जाएगी।