फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सपा ने प्रदेश को बनाया एटीएम मशीनः राजबब्बर

Tue, 20 Sep 2016 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बुलंदशहर
विज्ञापन
राजनी‌ति - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
समाजवादी पार्टी ने प्रदेश को एटीएम मशीन बना दिया है। किसी ने नोएडा बांट रखा है तो किसी ने गाजियाबाद। प्रदेश में लूट मची हुई है। अब सत्ता जाती देख परिवार और सरकार में सियासी ड्रामा शुरू हो गया है, जो सत्ता से बेदखल के साथ ही खत्म होगा।

मोतीबाग में आयोजित सभा में करीब चार घंटे देरी से पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जनता से माफी मांगकर और पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बनारसी दास को याद करके अपने भाषण की शुरुआत की। शुरुआत से ही उन्होंने प्रधानमंत्री पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी अंबानी के जियो सिम और अडानी के प्रोडक्ट बेचते हैं।
विज्ञापन


भारत की विदेश नीति और कूटनीति पूरी तरह फेल हो चुकी है। पाकिस्तान हम पर हमला करता है और प्रधानमंत्री बिना बुलाए पाकिस्तान पहुंचकर साड़ियां गिफ्ट करते हैं। राजबब्बर ने सपा, बसपा, भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 27 साल पहले प्रदेश को कांग्रेस ने जहां छोड़ा था, आज उससे भी पीछे है। सपा-बसपा ने प्रदेश को सिर्फ लूटा है।

उन्होंने किसानों से वादा किया कि यदि कांग्रेस की सरकार आई तो कर्जा माफ और बिजली बिल हाफ होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही 2009 में किसानों का 76 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया था। राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि 27 साल पहले जब हमारी सरकार थी तो प्रदेश का देश में तीसरा स्थान था। 

उन्होंने मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मायावती सत्ता में आती हैं तो किसानों की जमीन पूंजीपतियों के हाथ में दे देती हैं। प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा को तो झूठ में ओलंपिक का गोल्ड मेडल मिलना चाहिए। कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने कहा कि चुनाव से पहले 15-15 लाख रुपये खाते में पहुंचाने वाले नरेंद्र मोदी अब उसे जुमला बता रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब यूपी विधानसभा में भाजपा वाले वोट मांगने आएं तो उन्हें बैंक की पासबुक दिखाना और पूछना कि कहां हैं 15 लाख रुपये। प्रदेश कांग्रेस नेता डॉ. संतोष सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में महंगाई डायन थी, लेकिन आज विश्वसुंदरी हो गई है। जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी ने कहा कि जिले की सातों विधानसभा सीट कांग्रेस की झोली में आएंगी।

संचालन विधायक बंशी सिंह पहाड़िया और आदर्श देव शर्मा ने किया। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमानतुल्ला ने कहा कि यदि भारत सरकार का मुखिया ही झूठा हो तो फिर किस पर ऐतबार किया जा सकता है। प्रदेश उपाध्यक्ष मेहरबान आलम ने मंच से बताया कि राजबब्बर की रैली पर सपा, बसपा, भाजपा से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली है।

इन कार्यकर्ताओें को जिला और नगर इकाई में जगह देने की भी घोषणा मंच से गई। 27 साल, यूपी बेहाल यात्रा में उमड़ी भीड़ को देखकर नेताओं के चेहरे पर चमक साफ नजर आ रही थी। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता श्योपाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष मेहरबान आलम, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, पूर्व विधायक हरेंद्र अग्रवाल, दीपक कुमार मौजूद रहे।

जोश में होश गवां बैठे कांग्रेसी, भिड़े
27 साल, यूपी बेहाल के यात्रा के तहत मोतीबाग में हुई सभा अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई। मंच पर बैठने से माइक थामने तक को लेकर कांग्रेसियों में घमासान देखने को मिला। स्थिति ये हो गई कि मंच पर ही कांग्रेसी आपस में भिड़ गए। कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष तो दूर , प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं की भी एक नहीं सुनी।

नगर के मोतीबाग में आयोजित सभा में मंच पर बैठने को लेकर तमाम कांग्रेसियों में सभा के अंत तक घमासान होता रहा। जब कांग्रेस नेता सुनील चरौरा ने सभा से पहले कांग्रेसियों से मंच से उतरने को कहा तो मंच पर बैठे सुशील चौधरी उनसे भिड़ गए। इसके बाद जब सुनील चरौरा माइक से बोलने लगे तो सुशील चौधरी ने उन्हें रोका।

जैसे ही उन्हें बोलने से रोका गया तो सुनील चरौरा के समर्थकों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। राजबब्बर के आते ही मंच फुल हो गया। मंच पर क्षमता से कई गुना अधिक लोग चढ़ गए। कांग्रेस नेता चिल्लाते रहे कि मंच खाली कर दो, लेकिन किसी ने एक नहीं सुनी। इसके बाद मंच का संचालन कर रहे विधायक बंशी सिंह पहाड़िया तो कुछ नेताओं से भिड़ भी गए।
विज्ञापन


जमकर हंगामा होता रहा। खुद प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया को मंच से कांग्रेसियों के उतरने की अपील की, लेकिन किसी ने किसी की एक नहीं सुनी। आखिरकार अव्यवस्थाओं के बीच सभा को शुरू करना पड़ा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें