गुलावठी। क्षेत्र के गांव बराल स्थित प्रेम इंटर कॉलेज में सोमवार सुबह छत का कुछ मलबा अचानक भर भराकर गिर पड़ा। गनीमत यह रही कि हादसे के दौरान विद्यार्थी प्रार्थना स्थल पर थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वही घटना का वीडियो वायरल हो गया। दूसरी ओर ग्रामीणों ने डीएम को पत्र भेजकर स्कूल की दुर्दशा से अवगत कराया है।
ग्रामीणों ने डीएम को भेजें पत्र भेजकर अवगत कराया है कि प्रेम इंटर कॉलेज में सोमवार की सुबह कमरा नंबर 22 कक्षा 7 के विद्यार्थी बैठे थे तभी विद्यार्थी प्रार्थना स्थल की तरफ चले गए उनके जाने की थोड़ी देर बाद छत का कुछ मलबा अचानक भर भरभरा कर गिर पड़ा। यदि बच्चे कमरे में होते तो हादसा हो सकता था।
बताया कि विद्यालय की बिल्डिंग पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। विद्यालय में कोई मैनेजमेंट कमेटी नहीं है। पूर्व में भी छत का मलवा गिर चुका है। ग्रामीणों ने जिला अधिकारी से जांच कराकर विद्यालय को सही करने की मांग की है। वही इस बारे में जब स्कूल के प्रधानाचार्य से बात हुई तो उन्होंने बताया कि यह घटना 9 तारीख की है जिस दिन रक्षाबंधन था। उस दिन स्कूल की छुट्टी थी। दूसरी ओर जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार का कहना है कि इसकी अभी जानकारी नहीं है। स्कूल पहुंचकर इसकी जांच कराई जाएगी। यदि विद्यालय जर्जर हाल है तो कड़ा संज्ञान लिया जाएगा।