70 करोड़ से बनेंगी 10 सड़कें, 150 गांव के लोगों को होगा फायदा
बुलंदशहर। जिले के 150 गांव के लोगों का आवागमन जल्द सुगम होगा। इसके लिए 70 करोड़ की लागत से 75 किलोमीटर की 10 सड़कों का निर्माण होगा। इसके टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके साथ ही कई सड़कों की मरम्मत भी की जाएगी।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत गांव की क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इस योजना के तहत पहले ऐसे गांव में निर्माण कराया जा रहा है जो मार्ग कई गांवों को जोड़ता है। दूसरे क्रम में छोटे मार्ग वाले गांव को जोड़ा जाएगा। वर्तमान में योजना के तहत फेज-3 में 10 सड़कों को शामिल किया गया है। एक सड़क करीब 15 से अधिक गांव को जोड़ेगी। इससे 150 से अधिक गांव के लोगों को रास्ता आसान होगा। इन सभी सड़कों का चिन्हिकरण भी कर लिया गया है। निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है और जल्द ही इस प्रक्रिया को पूरा कर काम करने वाली एजेंसी को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि उन क्षेत्रों की सड़कों का चयन किया गया है, जिनकी स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। जहां से लोगों को पांच मिनट का रास्ता 30 मिनट में तय करना पड़ता है। बरसात में भी इन गांव के लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है।
सीमेंट वाली सड़कों का होगा निर्माण
सभी सड़कों को सीमेंट से बनाया जाएगा। यह लंबे समय तक चलेंगी। बजरी और तारकोल की सड़क दो बारिश में खराब हो जाती हैं, जिससे लोगों को फिर परेशानी का सामना करना पड़ता है। एफडीआर (फुल डेप्थ रिक्लिेमेशन) तकनीक से बनने वाली सड़कों पर बारिश का असर कम होगा। इस तकनीक में रोड़ी और सीमेंट का प्रयोग किया जाएगा।
इन सड़कों का होना है निर्माण
क्रम संख्या - सड़क का नाम - कुल लंबाई किलोमीटर में
1. खुर्जा जेवर से औरंगाबाद मार्ग- 6.150
2. खुर्जा सिकंदराबाद से बिचौला मार्ग - 7.150
3. सिकंदराबाद गुलावठी से बराना मार्ग - 6.950
4. अनूपशहर शिकारपुर वाया मामऊ मार्ग - 7.300
5. कमालपुर रेलवे स्टेशन वाया रोहिंदा मार्ग - 5.500
6. बालका वाया पोट मार्ग - 6.300
7. खुर्जा पहासू रोड वाया जटौला मार्ग - 13.250
8. बुलंदशहर झाझर रोड वाया बोहरावास मार्ग - 6.650
9. सैदपुर से ढकौली मार्ग - 5.025
10. डिबाई गणेशपुर अतरौली वाया गोविंदपुर मार्ग - 10.950
54 लाख की लागत से 14 सड़कों की होगी मरम्मत
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में शामिल पहले से बनी 14 सड़कों की मरम्मत होगी। इस पर 54 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। इन सड़कों में बैलोन से धर्मपुर मार्ग, बुगरासी से भगवानपुर मार्ग, दशहरा से पलड़ा झाल मार्ग, शिकारपुर से फैजलपुर अजना मार्ग, अमरगढ़ से खानपुर मार्ग, सिकंदराबाद ककोड़ रोड से मसौता मार्ग, दौलतपुर कलां से मधु हसनगढ़ी मार्ग, अनूपशहर से अहार मार्ग, सैदपुर से खगावली मार्ग, जरगवां से कल्याणपुर मार्ग, दनकौर झाझर से बैर बड़ापुर मार्ग, पचौता से सुतारी मार्ग, गुलावठी रोड से लोटा मुहाना ईसेपुर और बीएसजी रोड से नगला बालका मार्ग शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के फेज-3 के तहत 10 सड़कों के निर्माण की विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। वहीं, योजना में शामिल 14 सड़कों की मरम्मत होगी। - कमल किशोर, अधिशासी अभियंता, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना।