बैरियर से टकराई बाइक, पूर्व प्रधान की मौत
चोला। चोला चौकी चौराहे पर रविवार रात बैरियर से बाइक टकराने के कारण सड़क पर गिरे पूर्व प्रधान की मौत हो गई। वह चोला चौकी क्षेत्र के गांव नवादा में किसी से मिलकर वापस घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना खुर्जा देहात के गांव अगरई निवासी पूर्व प्रधान राकेश (52वर्ष) पुत्र चेतराम रविवार रात करीब 8.30 बजे बाइक से बुलंदशहर की ओर से गांव से अपने गांव की ओर जा रहे थे। चौकी प्रभारी संदीप तोमर ने बताया कि वह उस समय टीम के साथ चोला चौकी चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। अचानक राकेश की बाइक चौराहे पर लगाए गए बैरियर से टकरा गई और वह नीचे गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने घायल राकेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राकेश के परिजनों ने बताया कि राकेश चोला चौकी क्षेत्र के गांव नवादा में किसी से मिलने के लिए आए थे। उसके बाद वह बाइक से गांव लौट रहे थे। राकेश की मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चौकी प्रभारी ने बताया कि रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।