तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवार युवकों को कुचला
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में गांव सराय तकिया के निकट एक तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। आरोपी चालक कार मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
औरंगाबाद क्षेत्र के मोहल्ला टीचर्स कॉलोनी निवासी मोहित कुमार गोस्वामी (34) खुर्जा क्षेत्र में एक वेयर हाउस में नौकरी करते थे। शनिवार रात मोहित बाइक से घर लौट रहे थे। कोतवाली देहात की नई मंडी क्षेत्र में गांव सराय तकिया के निकट एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कार सवार ने अनूपशहर के गांव बरौली निवासी पारुल (24) पुत्र विक्रम को भी टक्कर मार दी। हादसे में पारुल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली देहात प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
डेढ़ साल पहले ही हुई थी पत्नी की मौत
हादसे में मारे गए मोहित के भाई मुदित गोस्वामी ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले ही मोहित की पत्नी की भी मृत्यु हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद मोहित ही अपने दो छोटे बच्चों का पालन-पोषण कर रहा था। मां के बाद अब पिता की मृत्यु ने दोनों बच्चों को अनाथ कर दिया।