प्री-बोर्ड में फेल छात्र-छात्राओं की फिर से कराई जाएगी तैयारी
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के रिजल्ट को सुधारने के लिए बोर्ड के आदेश पर जनपद के कॉलेजों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराई जा रही हैं। कॉलेजों को परीक्षा संपन्न कराने के बाद दोनों कक्षाओं का रिजल्ट तैयार करके डीआईओएस कार्यालय में भेजना होगा। प्री-बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम की शासन और यूपी बोर्ड स्वयं समीक्षा करेगा। इस परीक्षा में फेल होने वाले छात्र-छात्राओं पर पूरा फोकस रखा जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों की फिर से तैयारी करवाई जाएगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को लेकर शासन में तैयारियां चल रही हैं। दोनों कक्षाओं के रिजल्ट में भी सुधार हो इसके लिए बोर्ड ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराने के आदेश दिए हैं। बोर्ड के आदेश पर डीआईओएस ने यूपी बोर्ड से संबंधित सभी कॉलेजों में दोनों कक्षाओं के परीक्षार्थियों की प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू करा दी हैं, लेकिन इस बार प्री-बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम की माध्यमिक शिक्षा विभाग में समीक्षा होगी। पढ़ने में परीक्षार्थियों की स्थिति क्या है। इसके बारे में बोर्ड परीक्षाओं के माध्यम से आंकलन करेगा। परीक्षाएं भी अधिकांश कॉलेजों में अपने स्तर से कराई जा रही हैं और जल्द ही इन्हें सभी कॉलेज इन्हें संपन्न करा लेंगे। बताया गया कि इस बार कॉलेज दोनों कक्षाओं का रिजल्ट तैयार करके डीआईओएस कार्यालय में भेजेंगे। वहां से इसे माध्यमिक शिक्षा विभाग को भेजा जाएगा। प्री-बोर्ड परीक्षाओं में जो परीक्षार्थी फेल होंगे उनकी विषयवार स्कूलों में तैयारी कराई जाएगी। इससे वह परीक्षाओं में पास हो सके। डीआईओएस ने भी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को आदेश जारी प्री-बोर्ड परीक्षाओं को कराने के निर्देश दिए हैं।
जनपद के सभी स्कूलों में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू करा दी गई हैं। प्रधानाचार्य परीक्षाएं संपन्न कराने के बाद रिजल्ट बनाकर कार्यालय में अवश्य उपलब्ध करा दें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्री-बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट की शासन में समीक्षा होनी है। - शिवकुमार ओझा, जिला विद्यालय निरीक्षक।