रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को रौंदा, मौत
डिबाई। थाना क्षेत्र से गुजर रहे दिल्ली-बदायूं हाईवे पर रविवार सुबह पैंठ चौराहे के निकट रेत से भरे तेेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मथुरा निवासी बाइक सवार भूरा सिंह को टक्कर मार दी, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। जबकि, उसका चालक अभी फरार है।
मथुरा के मोहल्ला लोहरिया निवासी 30 वर्षीय भूरा सिंह पुत्र मोहन सिंह शनिवार को नरौरा थाना क्षेत्र के गांव परिहावली में अपने मित्र सुखवीर के घर नामकरण कार्यक्रम में शामिल होने आया था। बताया गया कि रविवार सुबह वह वहां से बाइक लेकर वापस अपने घर मथुरा जाने के लिए निकला था। जब वह डिबाई थाना क्षेत्र में पैंठ चौराहे के निकट पहुंचा तो एक रेत से भरे ओवरलोड अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक उसके नीचे आकर कुचल गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। साथ ही उसकी शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना भी दी गई। मृतक के एक रिश्तेदार ने बताया वह अविवाहित था। वह मथुरा के दामोदरपुरा में हलवाई की दुकान करता था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद