बुलंदशहर।
जिले में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करने वाला गिरोह सक्रिय है। इस गिरोह ने बेसिक शिक्षा विभाग में दो फर्जी नियुक्ति पत्र भी जारी कर दिए हैं। मामला संज्ञान में आने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने लोगों को इस गिरोह से सक्रिय रहने का आह्वान किया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि पुलिस विभाग के माध्यम से जानकारी मिली है कि बेसिक शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए दो फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि जिले में कोई ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो इस कार्य को अंजाम दे रहा है। ऐसे गिरोह से लोगों को बचने की जरूरत है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद पर किसी तरह की नियुक्ति नहीं की जा रही है। विभाग में मृतक आश्रितों के लिए ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद पर नियुक्ति प्रदान की जाती है। ऐसे में जिला वासियों को जागरूक होने की जरूरत है कि इस गिरोह अथवा इससे जुड़े लोगों के झांसे में न आएं। यदि कोई इस तरह का काम करता है तो उसकी जानकारी पुलिस और विभाग को दें, ताकि इस गिरोह पर शिकंजा कसा जा सके।