श्रमिक परिवारों को योगी सरकार कराएगी धार्मिक स्थलों की यात्रा
बुलंदशहर। प्रदेश की भाजपा सरकार अब श्रमिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराएगी। वहां ले जाकर उन्हें अपने धर्म और संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। साथ ही इन स्थलों के निर्माण की स्थापत्य कला की जानकारी भी दी जाएगी। इसके लिए श्रवण कुमार श्रमिक परिवार धार्मिक पर्यटन यात्रा योजना से जिले को 100 श्रमिकों का लक्ष्य मिला है। योजना के तहत एक परिवार के छह सदस्य यात्रा कर सकेंगे। एक परिवार के यात्रा करने पर 12 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
सहायक श्रमायुक्त मुकेश कुमार दीक्षित ने बताया कि श्रवण कुमार श्रमिक परिवार धार्मिक पर्यटन यात्रा योजना के तहत किसी भी कारखाने अथवा प्रतिष्ठान पर कम से कम छह माह तक नौकरी करने वाले और श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को धार्मिक स्थलों की सैर करने का मौका मिलेगा। इसके लिए उसे ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन 25 अप्रैल तक प्राप्त किए जाएंगे। आवेदन www.skpuplabour.in पर किया जाएगा। आवेदन के बाद उसकी एक कॉपी कार्यालय में जमा करनी होगी। इस आवेदन की कॉपी को संबंधित कारखाना या फिर प्रतिष्ठान से सत्यापित भी कराना जरूरी होगा। एक श्रमिक के साथ पत्नी, दो अविवाहित बच्चे और उसके माता-पिता कुल मिलाकर छह लोग शामिल होंगे।
शासन से लक्ष्य मिलने के बाद विभाग की ओर से श्रमिक और उनके परिवारों को धार्मिक पर्यटन स्थल के दर्शन करवाने की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आवेदन करने वालों का चयन करने के बाद उन्हें एक मई को विकास भवन से मथुरा-वृंदावन की सैर करवाने की योजना है। चयनित श्रमिक और उसके परिवार को यात्रा के दौरान किसी तरह की राशि खर्च करने की जरूरत नहीं होगी। उनका किराया और खाने-पीने आदि की व्यवस्था शासन से मिलने वाली राशि से ही कराई जाएगी।