खुर्जा मार्ग पर पल्ला झाल नहर के पास गन्ने से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे रोड पर जाम लग गया। करीब दो घंटे बाद क्रेन से ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। रविवार सुबह दस बजे गन्ने से भरा ट्रक त्रिवेणी शुगर मिल जा रहा था।
पल्ला झाल नहर के पुल के पास मोड़ पर अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। मार्ग पर ट्रक पलटने के कारण दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन बुलाकर ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। बताया जा रहा है कि ट्रक ओवर लोड होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया था।
गंगापुल पर लगा जाम यातायात बाधित
गंगापुल की जर्जर व गड्ढायुक्त सड़क पर प्रशासन की लगातार की जा रही अनदेखी के चलते जाम लग रहा है। जिससे घंटों यातायात के बाधित रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रजपुरा चीनी मिल जाने का मुख्य मार्ग होने की वजह से गन्ने लदे ओवरलोडिड ट्रोला सड़क के गड्ढों में फंस जाते हैं।
जिससे घंटो यातायात बाधित रहने से कई बार मरीज भी जाम के शिकार होते हैं और उन्हें समय से इलाज न मिलने की वजह से परेशानी उठानी पड़ती है। रविवार सुबह करीब डेढ़ घंटे रहे जाम को समाजसेवियों की मदद से खुलवाया जा सका है। एसडीएम भैरपालसिंह ने बताया कि खस्ताहाल गंगापुल मार्ग के बारे में पीडब्लूडी अधिकारियों को जल्दी मरम्मत कराए जाने के निर्देश दिए जा चुके हैं।