सहकारिता विभाग के 1402 बकायेदारों को आरसी जारी, होगी वसूली
बुलंदशहर। सहकारिता विभाग के सहकारी बैंकों से ऋण लेकर जमा न करने वाले 1402 बकायेदार किसानों की सहकारिता विभाग ने आरसी जारी कर दी है। इन पर विभाग का 8.87 करोड़ से अधिक की राशि का बकाया है। पूर्व में विभाग ने किसानों को नोटिस जारी कर बकाया जमा करने के लिए कहा था।
सहकारिता विभाग की समिति से किसानों को उर्वरक और बीज आदि दिया जाता है। जो किसान समिति पर सदस्य बना हुआ है उसे यह सामान बिना राशि के दिया जाता है। इसकी राशि किसान फसल आने के बाद जमा कर सकता है। वहीं, विभाग के संचालित सरकारी बैंकों से भी किसानों को ऋण दिया जाता है लेकिन अधिकतर किसान समय पर ऋण जमा नहीं करते हैं। ऐसे जिले के 1402 किसानों कीे विभाग की ओर से आरसी जारी कर दी है। इससे पहले सभी इन किसानों को तीन बार ऋण जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए। इसके बाद भी किसानों द्वारा इस पर विचार नहीं किया गया। अब विभाग इन किसानों को डीएम चंद्र प्रकाश के आदेश पर आरसी जारी कर दी है। बताया गया कि तहसील स्तर से किसानों से बकाया वसूली की जाएगी। इसमें विभागीय अमीन भी कार्रवाई करेंगे। यदि कोई किसान ऋण जमा कर देता है तो उसकी आरसी निरस्त कर दी जाएगी। यदि किसान ऐसा नहीं करता है तो उसकी जमीन आदि प्रापर्टी की कुर्की कर राशि वसूली जाएगी। बताया गया कि जिन किसानों को आरसी जारी की है, उन पर प्रति किसान एक लाख या इससे अधिक का ऋण बकाया चल रहा है।
कर्जमाफी की आस में थे किसान
प्रदेश सरकार ने पिछले वर्षों लघु एवं सीमांत किसानों की एक-एक लाख रुपये की कर्जमाफी की थी। बताया गया कि किसान भी कर्जमाफी की आस में थे। विभाग के अनुसार इन किसानों पर एक लाख से लेकर करीब पांच लाख रुपये तक बकाया है। वर्ष 2016 से लेकर अब तक किसानों पर सहकारिता विभाग बकाया है। आरसी जारी होने के बाद किसान भी परेशान हो गए हैं।
सहकारिता विभाग का बकाया ऋण जमा न करने पर 1402 किसानों की आरसी जारी कर दी है। किसानों को तीन नोटिस देने की प्रक्रिया को पूरा करने के बाद डीएम के आदेश पर आरसी जारी हुई है। तहसील स्तर एवं अमीन अब किसानों से बकाया ऋण की वसूली की जाएगी। - आलोक कुमार, एआर को-ऑपरेटिव।