जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला के साथ पड़ोस के ही एक व्यक्ति ने पहले दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो व फोटो ले लिए। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के उक्त फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसी के पड़ोसी ने कुछ समय पूर्व उसके फोन पर फोन किया और बात करने का प्रयास किया। इसके बाद वह उसे व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल करने लगा। इसी दौरान आरोपी ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। पीड़िता ने बताया कि उसका पति बाहर रहकर काम करता है, इसके चलते पीड़िता अधिकतर समय अपने घर पर अकेली ही रहती है। कुछ माह पूर्व आरोपी इसी बात का फायदा उठाकर पीड़िता के घर आ गया और दुष्कर्म किया।
इस दौरान आरोपी ने पीड़िता के अश्लील फोटो व वीडियो भी बना लिए। आरोपी उसे उक्त फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करता चला आ रहा है। पीड़िता ने अब उससे तंग आकर यह बात अपने पति को बताई। पति ने पुलिस से शिकायत के लिए कहा। पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - डॉ. अनूप कुमार, सीओ अनूपशहर