जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के साथ उसी गांव के रहने वाले एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़िता के पिता ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे उनकी पुत्री घर से पशुओं को बांधने के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के एक युवक द्वारा उनकी पुत्री को खेत में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घर आकर पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिजनों की दी। पीड़िता के पिता ने बताया कि आरोपी युवक उनकी पुत्री को पिछले एक वर्ष से परेशान कर रहा था।
एक वर्ष पूर्व आरोपी ने उसकी पुत्री को प्रेम जाल में फंसाकर वीडियो कॉल के माध्यम से कुछ अश्लील फोटो ले लिए थे, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को शारीरिक संबंध बनाने को मजबूर कर रहा था। घटना की बाबत पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक के विरुद्ध नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।