जिले में दो सड़क हादसों में दो मासूमों की मौत हो गई। डिबाई में दिल्ली-बंदायू हाईवे पर टैंपो पलटने से तीन वर्षीय बच्चीं की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए।
उधर, जहांगीराबाद में शिवाली गांव में ट्रैक्टर से कुचलकर छह वर्षीय बच्चे की जान चली गई। हादसे के बाद लोगों ने दो घंटे तक बुलंदशहर-जहांगीराबाद मार्ग पर जाम लगाया। ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेने पर लोग शांत हुए।
डिबाई से पलाकसेर जा रहे टैंपो में गुड्डी पत्नी वेद प्रकाश निवासी थाना जवां (अलीगढ़) जा रही थी। गुड्डी की गोद में उनकी तीन वर्षीय बेटी भी थी। हाईवे पर एक गड्ढे में टैंपो का पहिया गया और वह पलट गया।
हादसे में बच्ची ममता, राम सिंह, पार्वती, पंकज गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मासूम ममता की मौत हो गई। उधर, जेवर क्षेत्र के थोरा गांव निवासी रिहान (6) पुत्र शाकिर पिछले दो माह से ननिहाल में रह रहा था।
रिहान रविवार शाम बच्चों के साथ खेल रहा था कि सनौटा की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने रिहान को कुचल दिया। जिला अस्पताल में तीन घंटे इलाज के बाद रिहान ने दम तोड़ दिया।
घटना से गुस्साए लोगों ने बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग पर जाम लगा दिया। दो घंटे बाद पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया।
बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत, दो युवतियां घायल
दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। दो युवतियां गंभीर घायल हो गईं। एक युवती को मेरठ रेफर किया गया है।
नगर के मोहल्ला बालाजी के पास रहने वाले राकेश सैनी का इकलौता बेटा योगेश (25) दोपहर करीब 12 बजे अपनी रिश्तेदार दो युवतियों के साथ कॉलेज से बाइक से लौट रहा था।
नई मंडी के सामने दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। तीनों लोग सड़क गिर गए। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार भाग गया। लहूलुहान योगेश और छात्रा शशि (22) कीर्ति सैनी को राहगीरों ने स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।
जहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। योगेश ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। शशि को मेरठ रेफर किया गया है। मामले में तहरीर न मिलने पर पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।