बुलंदशहर/गुलावठी/ऊंचागांव/बुगरासी/अनूपशहर/डिबाई/शिकारपुर/स्याना/जहांगीराबाद/औरंगाबाद/अहार।। नगर से लेकर देहात तक इन दिनों रामलीला मंचन जारी है। देर रात तक दर्शक रामलीला का आनंद ले रहे हैं। रामलीला में कहीं ताड़का वध तो कहीं पर राम वनवास समेत अन्य लीलाओं का कलाकारों ने शानदार मंचन किया।
नगर के नुमाइश मैदान में श्री रामलीला सभा के तत्वाधान में चल रही रामलीला मंचन में कलाकारों ने ताड़का वध, अहिल्या उद्धार व जनकपुरी में राम-लक्ष्मण की लीला का मंचन किया। रामलीला देखने के लिए दर्शकों को काफी भीड़ रही। इस मौके पर सभा के अध्यक्ष नीरज जिंदल, महामंत्री अमित मित्तल, दिनेश अग्रवाल, मोहित गर्ग, मनमोहन गुप्ता, सरदार त्रिलोचन सिंह, रोहित अग्रवाल, नकुल जिंदल,केशव जिंदल आदि मौजूद रहे।
शिकारपुर की रामलीला में भगवान श्रीराम द्वारा ताड़का वध समेत कई लीलाओं का मंचन किया गया। श्री राम सेवा समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण सिंघल ने बताया कि बृहस्पतिवार को नगर के मुख्य बाजारों और मार्गों से होकर श्रीराम की बारात निकाली जाएगी।
औरंगाबाद में ठाकुर पंकज सिंह रामलीला का शुभारंभ किया। स्थानीय कलाकारों ने सुमंत की घर वापसी, केवट द्वारा राम को गंगा पार कराना , दशरथ का विलाप करते हुए प्राण त्यागने तक की लीला का मंचन किया। गुलावठी में श्री राम विवाह की शोभायात्रा निकाली गई। इसका उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया, विधायक लक्ष्मीराज सिंह व चेयरमैन शैलेश तेवतिया द्वारा किया गया।
स्याना की रामलीला में राम वनवास की लीला का मंचन किया गया। इस दौरान रामलीला कमेटी अध्यक्ष संजय कश्यप, पिंटू गुप्ता, प्रवेश अग्रवाल, महेश प्रजापति, डॉ संजय क्षोत्रिय, अन्नू कश्यप व गणेशी अग्रवाल आदि मौजूद रहे। जहांगीराबाद में में राम वनवास की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के वनवास जाने का दृश्य देखते ही उपस्थित श्रद्धालु भावुक हो उठे। राम, लक्ष्मण और सीता के वनगमन की झांकी ने सभी को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
अनूपशहर में राम बारात का शुभारंभ आढ़ती यूनियन और रामलीला सेवा समिति के पदाधिकारियों ने श्रीराम की आरती उतार कर किया। घोड़े पर सवार श्रीराम की बारात देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। बारात में शामिल देवी-देवताओं की झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। रामलीला सेवा समिति के अध्यक्ष अभय गर्ग, अजय किशोर शर्मा,विनीत बंसल, सतीशचंद लल्ला, छेदालाल वाष्णेय,राकेश शर्मा, वेदप्रकाश, टेक चंद सैनी, सुनील शर्मा, राधे लाल गर्ग आदिसहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बुगरासी में कलाकारों ने भरत को राजगद्दी तो राम को वनवास की लीला का मंचन किया गया। इसी तरह डिबाई, दानपुर, ऊंचागांव और अहार आदि जगह भी रामलीला का शानदार मंचन किया गया।