वैक्यूम पाइप फटने से नई दिल्ली से पटना जा रही राजधानी एक्सप्रेस एक घंटे तक खुर्जा जंक्शन के पास रुकी रही। इससे यात्रियों में अफरातफरी का माहौल रहा। इंजीनियर्स की एक घंटे की मशक्कत के बाद राजधानी को रवाना किया गया। एक घंटे राजधानी प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी रही। अन्य ट्रेनों को लूप लाइन से निकाला गया।
एसएस पीके गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार देर शाम करीब सात बजे नई दिल्ली से पटना जा रही राजधानी एक्सप्रेस का वैक्यूम पाइप खुर्जा जंक्शन के समीप अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। इसके चलते कुछ ही देर में राजधानी के पहिए जाम हो गए। राजधानी के रुकने की सूचना मिलते की जंक्शन पर अफसरों में हड़कंप मच गया।
ट्रेन में बैठे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। तत्काल राजधानी एक्सप्रेस को धीरे-धीरे प्लेटफार्म नंबर तीन पर लाया गया। अन्य एक्सप्रेस को कॉशन लगाकर नंबर चार प्लेटफार्म से गुजारा गया। टीएक्सआर टीम ने घंटे भर में वैक्यूप पाइप को दुरस्त करते हुए राजधानी एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया।