मंगलवार हुई झमाझम बारिश से शहर तालाब में तब्दील हो गया। बारिश ने पालिका के दावों की भी पोल खोल दी। स्थिति यह रही कि शहर का कोई मार्ग या चौराहा ऐसा नहीं बचा था, जहां पानी न भरा हो। जलभराव से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के चलते कालाआम, भूड़ रोड, डीएम रोड, लल्लाबाबू रोड, साठा, अस्पताल रोड, चांदपुर रोड, पुराना बस अड्डा, अनूपशहर रोड, देवीपुरा, आवास विकास द्वितीय, मोहन कुटी, राधा नगर, शास्त्री नगर, टीचर्स कालोनी आदि में चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दिया।
कलक्ट्रेट और बीएसए कार्यालय भी तालाब में तब्दील हो गए। इसका कारण यह रहा कि नगर पालिका परिषद की ओर से बारिश से पहले नाले-नालियों की सफाई नहीं करवाई गई, जिसके चलते पानी सड़कों पर ही जमा हो गया।
बावजूद इसके पालिका के अफसर दावा कर रहे हैं कि नाले-नालियों की सफाई करवाई गई थी। जबकि शहरवासियों में गुस्सा है कि यदि नाले-नालियों की सफाई करवाई जाती तो स्थिति यह न होती।
अभी लगातार बारिश जारी रहेगी। बारिश के चलते बुधवार को अधिकतम 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश से फसलों को फायदा होने के साथ जलस्तर भी बढ़ेगा। -डॉ. विवेकराज, मौसम विशेषज्ञ