पहासू थाना क्षेत्र में 15 फरवरी की सुबह पशु व्यापारियों से हुई लूट की वारदात का पुलिस दो दिन पूर्व एक आरोपी को गिरफ्तार कर खुलासा कर चुकी है। लेकिन अभी तक भी पुलिस मुख्य साजिशकर्ता, रेकी करने वाले और तीन अन्य लूट करने वाले बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी है। लुटरों की तलाश में पुलिस दिल्ली से लेकर पंजाब तक दबिश दे रही है।
15 फरवरी की सुबह पहासू कस्बा निवासी पशु व्यापारी नदीम अपने दो अन्य साथियों के साथ संभल के थाना जूनावाई क्षेत्र से पशु खरीदने के लिए जा रहे थे। जब वह लोग पहासू के गांव भैयापुर रजवाहे के निकट पहुंचे तो पीछे से दो बाइक पर सवार होकर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को हथियारों के बल पर रुकवा लिया। इसके बाद दो बदमाशों ने उनसे 14 लाख रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन, कार की चाबी लूट ली।
जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस प्रकरण में बीते शुक्रवार की रात सिकंदराबाद निवासी आरोपी आमिर को गिरफ्तार कर चुकी है। उससे कुछ नकदी भी बरामद हुई है। लेकिन उसके बताए गए वारदात के मुख्य साजिशकर्ता पहासू निवासी बदमाश, तीन अन्य लुटेरे और रेकी करने वाले बदमाश को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ सकी है। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस प्रकरण में काफी अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर राजफाश कर दिया जाएगा।
आमिर का मामा पशु व्यापारी नसरू भी था कार में
पुलिस ने जब आमिर को पकड़ा था तो उन्हें जानकारी मिली थी कि कस्बा निवासी नसरू आमिर का मामा लगता है। जब आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया तो उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि पीड़ित पशु व्यापारियों की कार में नसरू भी बैठा है। नसरू को देखकर आमिर कार के पीछे जा खड़ा हुआ था। साथ ही आरोपी ने तभी यह तय कर लिया था कि यदि भविष्य में पकड़े जाते हैं तो नसरू के माध्यम से पशु व्यापारियों से फैसला कर लेंगे। हालांकि पीड़ित नसरू को इस बारे में जरा भी जानकारी नहीं थी।
Iलूट की वारदात में शामिल पांच बदमाशों के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा। - रोहित मिश्र, एसपी देहातI