जहांगीराबाद। नगर के नेहरू मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में करीब 175 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई इन दिनों महज एक शिक्षक के भरोसे चल रही है। शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने का आरोप है। वहीं, प्रधानाचार्य के तीन दिन से अवकाश पर रहने और कर्मचारियों से विवाद को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इस विवाद का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। मामले पर संज्ञान लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी आरोपों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि छात्र नियमित रूप से विद्यालय पहुंच रहे हैं लेकिन पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने विभाग से विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती की मांग की है। इधर, विद्यालय में प्रधानाचार्य और कर्मचारियों के बीच विवाद भी सामने आया है।
एक महिला कर्मचारी ने प्रधानाचार्य पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसके बाद उन्हें दो माह के लिए निलंबित किए जाने की बात सामने आई है। महिला कर्मचारी की ओर से लगातार शिकायतें किए जाने का भी दावा किया जा रहा है।
दूसरी ओर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजीव ने भी प्रधानाचार्य पर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करने और बार-बार नोटिस देकर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। राजीव ने बताया कि वह मामले की शिकायत आला अधिकारियों से भी कर चुके हैं।
कर्मचारियों के आरोपों के चलते विद्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने बताया कि वह तीन दिन के आकस्मिक अवकाश पर हैं। नेटवर्क की समस्या के कारण ऑनलाइन अवकाश आवेदन नहीं भेज सके लेकिन फोन पर विद्यालय प्रबंधक को सूचना दे दी थी।
उन्होंने कर्मचारियों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कुछ कर्मचारी अनावश्यक रूप से विवाद पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। विद्यालय प्रबंधक प्रदीप गर्ग ने बताया कि प्रधानाचार्य पिछले तीन दिनों से विद्यालय में उपस्थित नहीं हैं। उन्होंने फोन पर अवकाश की सूचना दी थी।
बताया कि अतिरिक्त शिक्षकों की तैनाती के लिए विभाग को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कोट
मामला संज्ञान में आया है। यदि शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तो मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। प्रधानाचार्य और कर्मचारियों के बीच चल रहे विवाद की भी जांच कराकर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - विनय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक