ऊंचागांव। गांव पिलखनी प्राथमिक विद्यालय समय पर नहीं खुलने पर छात्र-छात्राएं गेट के बाहर खड़े होकर शिक्षक का इंतजार करते रहे। इस दौरान एक ग्रामीण ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। कुछ ही देर में वह वायरल हो गया।
विद्यालय के मुख्य गेट पर सुबह सात बजकर 50 मिनट तक ताला लटका रहा। इसके खुलने का निर्धारित समय सुबह साढ़े सात बजे बताया गया है। विद्यालय समय पर न खुलने के कारण छोटे-छोटे छात्र बाहर गेट पर खड़े होकर शिक्षकों के आने का इंतजार करते रहे। इस दौरान एक ग्रामीण ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालयों में समय पालन को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारी भी सजग हो गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। संबंधित अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।