अचानक सामने आई नील गाय को बचाने के चक्कर में बाइक फिसलने से गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि पति व बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार मेरठ के हर्रा गांव निवासी मौलाना असलम (30) ककोड़ की जामा मस्जिद में इमाम हैं। रविवार सुबह वह अपनी पत्नी आयशा (26) व बेटी नरगिस (5) के साथ बाइक से गांव जा रहे थे। तभी सराय दुल्हैरा के पास उनकी बाइक के सामने अचानक नील गाय आ गई, जिससे बाइक फिसलकर गिर गई।
हादसे में आयशा के सिर में चोट लगने से मौके पर उसकी मौत हो गई। मौलाना और बच्ची को भी चोट आई। लोगों ने घायलों को सीएचसी सिकंदराबाद भर्ती कराया।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत
हिंडन एयरफोर्स गोल चक्कर के पास रविवार सुबह भोपुरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार युवक, उसकी बहन और चार साल का भांजा घायल हो गए। उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। लोनी स्टेशन के पास रहने वाली बीना रविवार सुबह भाई सुभाष और चार साल के बेटे सोनू के साथ बुलंदशहर स्थित मायके जा रही थीं।
हिंडन एयरफोर्स गोल चक्कर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें ओवरटेक करते हुए बाइक में टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक काफी दूर तक घिसटती हुई गई। बाइक गिरने से बीना, सुभाष और सोनू को काफी चोटें आईं। ट्रक चालक घटना को अंजाम देकर ट्रक लेकर भाग गया। तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। यहां बीना को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सीओ की गाड़ी से टकराई इनोवा
दिल्ली से बदायू जा रही इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीओ सिकंदराबाद की गाड़ी से टकरा गई, जिससे दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने पूछताछ के बाद इनोवा चालक को छोड़ दिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9.00 बजे सीओ सिकंदराबाद धमेंद्र कुमार यादव अपने आवास पर लौट रहे थे। तभी कुत्ते की कब्र पर बुलंदशहर की ओर से आ रही तेज रफ्तार इनोवा सीओ की गाड़ी से टकरा गई। दुर्घटना में किसी को भी चोट नहीं आई।