पहासू के जटौला नहर में डूबने के बाद मृतक प्रदीप का फाइल फोटो। स्रोत: फाइल फोटो
पहासू। क्षेत्र की जटौला नहर में स्नान करने के लिए कूदे प्रदीप शर्मा का शव 26 घंटे बाद पांच किलोमीटर दूर अलीगढ़ क्षेत्र के दाऊपुर में शव मिला। शव मिलते ही परिजन बिलख उठे। पुलिस ने परिजनों को शांत किया और शव को पोस्टमार्टम जांच के लिए भेजा। पहासू के बनैल गांव निवासी मुकुल ने बताया कि उनके बड़े भाई प्रदीप (30) बुधवार सुबह किसी काम से सूरजावली गांव निवासी उनकी बहन नीतू व अनीता के घर गए थे। बुधवार दोपहर को वह बाइक से घर लौट रहे थे। तभी बीच रास्ते में जटौला नहर के पास पहुंचे तो पुल पर बाइक खड़ी की और कपड़े उतार कर नहर में स्नान के लिए कूद गए।
बहाव तेज होने के कारण प्रदीप अपना संतुलन नहीं बना सके और गहरे पानी में डूब गए। प्रदीप को डूबता देख स्थानीय गोताखोरों ने भी नहर में छलांग लगा दी लेकिन वह प्रदीप को पकड़ नहीं सके। कुछ देर बाद प्रदीप पानी में नीचे चले गए। काफी तलाशने के बाद कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर खुर्जा एसडीएम सतेंद्र सिंह और पहासू पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
बुधवार रात को पीएसी के तैराक जवान पहुंचे और प्रदीप की तलाश शुरू कर दी। बृहस्पतिवार को दिन भर तलाश किया और शाम करीब चार बजे प्रदीप का शव अलीगढ़ जनपद के दाऊपुर क्षेत्र स्थित नहर में मिला। थाना प्रभारी ने बताया कि शव मिलने की सूचन पर पुलिस टीम मौके पर गई और शव की शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम पर भेज दिया गया।