छतारी के गंगावास गांव में ऊर्जा निगम के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
बुलंदशहर। भीषण गर्मी के चलते जिले में बिजली कटौती को लेकर हाहाकार मचा है। मंगलवार देर शाम से बुधवार रात तक हर 15 मिनट में कट लगे तो कहीं पर कई घंटे तक बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रिपिंग, ओवरलोड के कारण बिजली के कट, फाॅल्ट व कम वोल्टेज लोगों को झेलना पड़ा। शहर में ऊर्जा निगम के बनाए गए कंट्रोल रूम पर दिनभर लोग शिकायत करते रहे।
जिले का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। तापमान बढ़ने पर जहां ट्रांसफार्मर हांफने लगे हैं तो वहीं, अनियमित बिजली कटौती से उपभोक्ता चैन की नींद भी नहीं ले पा रहे हैं। ट्रिपिंग की समस्या इस कदर बढ़ गई है कि हर 15 से 25 मिनट पर बिजली गुल हो जाती है। ग्रामीण इलाकों में स्थिति और बदतर है।
यहां दिन में रोस्टर के नाम पर आपूर्ति बंद की जा रही है और रात में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग के कारण निर्बाध बिजली नहीं मिल रही है। निगम सिर्फ कागजों में ही 20 से 24 घंटे की बिजली आपूर्ति करने का दावा कर रहा है।
शासन की तरफ से जिला मुख्यालय पर 24, तहसील मुख्यालयों पर 20 से 22 और ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया है लेकिन इस शेड्यूल अनुसार बिजली नहीं मिल रही। नगर से लेकर देहात तक दो से लेकर आठ घंटे तक की बिजली कटौती की जा रही है।
नगर की शिवा काॅलोनी निवासी प्रमोद व रमेश ने बताया कि रात तो किसी तरह कट जाती है लेकिन दिन में बिजली कट और फाॅल्ट से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत ऊर्जा निगम को की गई मगर कोई समाधान नहीं निकला।
इसी तरह की समस्या नगर से लेकर देहात तक के उपभोक्ताओं को पूरे दिन झेलनी पड़ी। किसान धर्मेंद्र और प्रीतम सिंह का कहना है कि शेड्यूल अनुसार बिजली न आने के कारण फसलों की भी सिंचाई प्रभावित हो रही है। सिकंदराबाद क्षेत्र में 33 जगह फॉल्ट होने की शिकायत ऊर्जा निगम से की गई।