क्षेत्र के 12 गांवों की बिजली पूरी रात गुल रही। भीषण गर्मी में लोग बिना बिजली के बिलबिला उठे। बिजली आपूर्ति न होने से लोगों को पीने के पानी के संकट से भी जूझना पड़ा। चिंगरावली फीडर से जुड़ी लाइन में आए दिन आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा है।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिजली के पोलों के बीच दूरी अधिक होने के कारण बार-बार लाइन में फाल्ट हो रहा है। चिंगरावली फीडर से उस्मानपुर, मुमरेजपुर, चक नगलिया, कपना, चिंगरावली सहित करीब एक दर्जन से ज्यादा गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कभी आंधी-बारिश तो कभी अन्य कारणों से आए दिन विद्युत आपूर्ति ठप रहती है। मंगलवार शाम से गई बिजली पूरी रात नहीं आई। बिना बिजली के गर्मी और उमस के कारण लोग रातभर ठीक से सो नहीं पाए।
वहीं बिजली के बिना लोग पीने के पानी के लिए भी तरस गए। ग्रामीण जयवीर, राकेश, मनोज आदि ने बताया कि क्षेत्र के गांवों में एक दिन आपूर्ति रहती है तो दूसरे दिन गायब हो जाती है। कई बार शिकायत भी की जा चुकी है लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
गुस्साए ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह बिजलीघर का घेराव करेंगे। वहीं जेई राजीव कौशिक ने बताया कि विद्युत पोलों के बीच दूरी अधिक होने के कारण तारों में फाल्ट हो रहा है। पोलों के लिए स्टीमेट भेजा गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
तार नहीं बदलने पर भड़के उपभोक्ता
जर्जर तार नहीं बदलने पर गुस्साए लोगों ने बुधवार को बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बाद भी विभाग जर्जर तारों को नहीं बदल रहा है। इससे क्षेत्र में बड़े हादसे की आशंका है।
काजीवाड़ा में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि क्षेत्र की विद्युत लाइन काफी समय से जर्जर हालत में है। तार ढीले होकर नीचे लटक गए हैं। इसके चलते आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि हाल ही में तार के संपर्क में आने के कारण एक मेटाडोर में आग लग गई थी।
शिकायत के बाद भी विद्युत विभाग के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। प्रदर्शन करने वालों में इमरान राना, तालिब खान, ग्यासउद्दीन, अफजल मुबीन, शादाब, शाकिर, अजय कुमार, मोनू, रफीक आदि रहे। इस संबंध में एसडीओ प्रेम कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। जल्द ही लाइन को बदलवाया जाएगा।