क्षेत्र के करीब 32 गांवों की बिजली पिछले 100 घंटे से गुल है। चोरों ने करीब दो किमी तक लगे तार को चुरा लिया। इसके चलते चोला बिजलीघर से जुड़े 32 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई।
100 घंटे बीतने के बावजूद आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। वहीं, अफसर रविवार तक बिजली आपूर्ति सुचारु होने की बात कर रहे हैं। चोला बिजलीघर क्षेत्र के गांव बिरौली ताजपुर से बिजलीघर को पोषित कर रही हाईटेंशन लाइन गुजर रही है।
मंगलवार रात चोरों ने बिरौली ताजपुर के जंगलों में लाइन पर चेन डालकर ब्रेकडाउन कर करीब दो किमी लंबे तार को चुरा लिया। लाइन चोरी होने से बिजलीघर से जुड़े चोला, दाउदपुर, खानपुर, गांगरौल, खबरा, कादिलपुर, नगला इलाहाबाद, ख्वासपुर, नगला बंसी, शेरपुर, सुल्तानपुर, बघोराबाद, फतेहपुर जांदो, बिरौली ताजपुर, वंचावली, कोंदू, धमेड़ा नारा आदि गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
ककोड़ एसडीओ विवेक रोष ने बताया कि एफआईआर दर्ज नहीं होने के कारण स्टोर से तार नहीं मिल सका। शुक्रवार को तार जारी किया गया है। लाइन को जोड़ा जा रहा है। रविवार तक आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।