ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा की अनावश्यक खपत रोकने के लिए पावर कारपोरेशन बड़ी पहल करने जा रहा है।
गांवों को अधिक बिजली आपूर्ति देने के मुख्यमंत्री के वादे को पूरा करने के लिए अफसर सबसे पहले ऊर्जा की बर्बादी को रोकेंगे।
इसके लिए गांवों में बल्ब का प्रयोग रोकने के लिए एलईडी लाइटें सब्सिडी पर दी जाएंगी। 100 से 200 वॉट तक के बल्बों का प्रयोग रोकने के लिए गांवों में महज आठ वॉट की एलईडी सीएफएल दी जाएगी।
अधीक्षण अभियंता एके चौधरी ने बताया कि पावर कारपोरेशन महज 80 रुपये में ग्रामीणों को एलईडी उपलब्ध कराएगा। इसकी बाजार में कीमत करीब 250 रुपये है।
प्रदेशभर में 40 लाख एलईडी सीएफएल खरीदे जा रहे हैं। इसमें जिले को एक लाख 70 हजार एलईडी सीएफएल उपलब्ध कराए जाएंगे। पावर कारपोरेशन प्रत्येक ग्रामीण उपभोक्ता का एक एलईडी सीएफएल देगा।