मौहल्ला मामन रोड पर नाला निर्माण में दोयम दर्जे की ईटें खपाई जा रही हैं। इसका खुलासा शुक्रवार को एडीएम वित्त ब्रजेश कुमार के निरीक्षण के दौरान हुआ। उन्होंने ईंट का सैंपल जांच के लिए भिजवाया और ठेकेदार को नोटिस भेजे जाने की बात कही।
डीएम शुभ्रा सक्सेना के आदेश के क्रम में शुक्रवार को एडीएम वित्त ने जामा मस्जिद, मामन रोड, पुराना तहसील रोड, ऊपरकोट चबूतरा, बाईपास रोड, बांध वाला नाला आदि इलाकों को निरीक्षण किया। मामन रोड पर नाले का निर्माण किया जा रहा था।
एडीएम वित्त ने बताया कि नाले में दोयम दर्जें की ईंटे खपाई जा रही थी। साथ ही नाला टेढ़ा बन रहा था। नाले की गहराई और चौड़ाई एक एक मीटर पाई गई। एडीएम वित्त ने बताया कि नाले का निर्माण अवर अभियंता और ठेकेदार की साठगांठ से किया जा रहा है। बता दें कि नाले के निर्माण लागत 10.94 लाख रुपये है। एडीएम ने तहसील चबूतरे से नरसलघाट पुलिस चौकी तक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
बताया गया कि ठेकेदार सफाई कर्मचारियों को उसी दिन की दिहाड़ी देता है जिस दिन सफाई कर्मचारी सफाई कराने के लिए आते हैं। सूचना के बाद भी ठेकेदार उपस्थित नहीं हुआ। एडीएम ने ठेकेदार पर कार्रवाई का आदेश दे दिया है। बाईपास स्थित और बाघ के सहारे नाले का निरीक्षण भी एडीएम ने किया।
नाले पर अतिक्रमण भी मिला। नाले की दोनों साइडों पर कचरा अटा पड़ा था। पालीथिन भी पाई गई। निरीक्षण के बाद एडीएम ने पालिका अफसरों को साफ सफाई और कीटनाशक के छिड़काव का आदेश दिया।