बेलगाम प्रदूषण से सुबह की सैर पर फिर छाए संकट के बादल
बुलंदशहर। जिले में प्रदूषण की स्थिति बेलगाम होती जा रही है। दो दिन से जिले का एक्यूआई खतरे के करीब चल रहा था। जो मंगलवार को 400 के पार पहुंच गया। जिससे सुबह की सैर करने वालों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। वहीं, धुंध के चलते लोगों की आंखों में जलन भी होने लगी है और स्वच्छ सांस लेना भी दूभर हो रहा है। साथ ही देश के सबसे प्रदूषित शहरों में जनपद दूसरे नंबर पर रहा।
जिले की हवा गत माह से लगातार जहरीली बनी हुई है। मंगलवार को जिले का एक्यूआई 423 मापा गया। दिवाली से पूर्व जहां जनपद गैस चैंबर बन गया था। वहीं, अब पुन: जिले का एक्यूआई खतरे के निशान पर पहुंचने से जनपद गैस चैंबर बनता जा रहा है। जिससे आने वाले दिनों में जिले के हालात और खराब हो सकते हैं।
मंगलवार को सुबह के समय स्मॉग की चादर छाई रहने से वाहन चालकों को परेशानियाें का सामना करना पड़ा और लाइट जलाकर सफर तय किया। वहीं, दूसरी ओर सुबह-शाम की सैर करने वालों की भी परेशानियां बढ़ने लगी हैं। लोगों का कहना है सुबह के समय बाहर निकलकर टहलना और व्यायाम करना मुश्किल होता जा रहा है। वायु प्रदूषण जिले का इस कदर बढ़ गया है कि आंखों में जलन होने के साथ सांस लेने में परेशानियां हो रही हैं। वहीं, कुछ लोगों ने घर से बाहर सैर या व्यायाम करने की जगह घर पर ही व्यायाम करना शुरू कर दिया है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी आशुतोष चौहान ने बताया कि वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए एनजीटी के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। जो भी फैक्टरी नियमों का उल्लंघन करेगी उस पर कार्रवाई की जाएगी।