आईएमए सचिव और चिकित्सक डॉ. संजीव यादव के साथ मारपीट के बाद आईएमए की हड़ताल से पुलिस-प्रशासन बैकफुट पर आ गया है। चिकित्सकों में आक्रोश देख नगर कोतवाली पुलिस ने जहां आनन-फानन में एफआईआर दर्ज की तो वहीं एक आरोपी को भी हिरासत में ले लिया।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस यदि चिकित्सक के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करती है तो मामला तूल पकड़ सकता है। पुलिस की पूरी कोशिश किसी भी प्रकार से समझौता कराने को लेकर है।
वहीं दूसरी ओर आईएमए की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। विरोध में जिलेभर के चिकित्सक लामबंद हो गए हैं। विरोध करने वालों डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. वीरेन्द्र कुमार, डॉ. एसएम अग्रवाल, डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. सतीश नागर, डॉ. एसके गर्ग, डॉ. डीके शर्मा आदि रहे।
आईएमए की हड़ताल के कारण मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। मरीजों को सरकारी अस्पताल की तरफ जाना पड़ रहा है। सरकारी अस्पतालों में आम दिनों की अपेक्षा ओपीडी में मरीजों की संख्या डेढ़ गुना अधिक रही।
एफआईआर निरस्त करने को लेकर प्रदर्शन
ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में चिकित्सक की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट को निरस्त करने के लिए परिजनों ने एसएसपी आवास पर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों द्वारा एसएसपी को सौंपे पत्र में कहा गया कि डॉ. संजीव यादव के समर्थन में सभी डॉक्टर एकजुट हो गए और उन्होंने पुलिस पर दबाव बनाकर झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया।
विरोध करने वालों में नरेन्द्र सिंह, बसंत लोधी, सुखवीर सिंह, प्रदीप कुमार, वीरेन्द्र सिंह, बंटी, धर्मेन्द्र, राजेन्द्र, विनोद, अजयपाल आदि रहे।
स्याना से भी समर्थन
बुलन्दशहर में चिकित्सक के साथ हुए दुर्व्यहार को लेकर स्याना के चिकित्सक संगठनों ने रोष जताते हुए दो दिन के अंदर समस्या निस्तारण न होने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। स्याना मेडिकल एसोसियेशन के संरक्षक डा. जीवी सिंह व डा. बीआर राठी सहित नेशनल इंटीग्रेटिड मेडिकल एसोसियेशन के महासचिव डा. मनोज शर्मा ने कहा कि दोनों संगठनों ने समर्थन का एलान किया है।
जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस द्वारा नहीं की जाती है और डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती है, तब तक आईएमए की हड़ताल जारी रहेगी। -डॉ. प्रदीप मलिक, अध्यक्ष, आईएमए
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ पहले ही इस घटना का विरोध कर रहा है। मरीजों की परेशानी को देखते हुए आईएमए को अपनी हड़ताल वापस लेनी चाहिए। - डॉ. दीपक ओहरी, सीएमओ