नगर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बरामद किया तमंचा। स्त्रोत: पुलिस
बुलंदशहर। नगर कोतवाली पुलिस ने शनिवार देर रात ज्ञान लोक कॉलोनी के पास मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को घायलावस्था में पकड़ा है। इसकी शिनाख्त दस हजार के इनामी गोकश शानू उर्फ नन्हे के रूप में हुई। पुलिस ने पूछताछ और उपचार कराने के बाद आरोपी का चालान कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि 11 जनवरी की रात में नगर कोतवाली की टीम खालसा तिराहा पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया तो नहीं रुके, बल्कि बाइक को तेजी से मोड़कर बदनौरा पुल की तरफ भागने लगे। ज्ञानलोक काॅलोनी के पास बदमाशों की बाइक फिसल कर गिर गई।
पुलिस से घिरता देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
इसको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि इसका साथी दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गया। भागे बदमाश की तलाश में पुलिस ने कांबिंग की, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। गिरफ्तार हुए घायल बदमाश की शिनाख्त अमरोहा जनपद के थाना सैदनगली के गांव उझाती निवासी शानू उर्फ नन्हे के रूप में हुई है।
एसपी सिटी ने बताया कि शानू उर्फ नन्हे शातिर किस्म का अपराधी है। नगर कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे में भी यह वांछित चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।