सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलसूरी निवासी विपुल (23) पुत्र रमेश का गांव के बाहर ईख के खेत में क्षत-विक्षत हालत में शव मिला। शव को जानवरों ने खा रखा था। युवक 28 दिसंबर से लापता था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक जनवरी को गुमशुदगी दर्ज की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की।
रविवार की दोपहर ग्रामीणों ने गांव के ही धीरज के ईख के खेत में क्षत विक्षत हालत में शव पड़ा देखा। शव को पूरी तरह से जानवरों ने खा रखा था। जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लापता विपुल के परिजन भी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि कपड़ों और शव के पास के मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों ने शव की शिनाख्त विपुल के रूप में की।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि जांच के दौरान प्रकाश में आया कि परिजनों के डांटने पर विपुल घर से चला गया था। परिजनों की तहरीर पर एक जनवरी को गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों के बारे में पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।