परिषदीय स्कूलों में अब मास्टर जी की फोटो होगी और मोबाइल नंबर भी अंकित होंगे। यह पहल शिक्षा सुधार के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की है। विभागीय अफसरों का कहना है कि शासन का आदेश मिलने पर उसका पालन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश जारी किया है कि परिषदीय स्कूलों के कक्ष में अध्यापकों की फोटो लगेगी और उनका मोबाइल नंबर भी अंकित किया जाएगा। यह पहल शिक्षा सुधार से संबंधित है।
क्योंकि कक्ष में शिक्षक का फोटो लगने पर बच्चे जान पाएंगे कि उनका अध्यापक कौन है। इसके साथ ही मोबाइल नंबर अंकित होने पर बच्चे और अभिभावक किसी भी समय संपर्क कर सकेंगे।
खास बात यह है कि निरीक्षण के दौरान अध्यापकों की फोटो से पहचान होगी। यदि शिक्षक स्कूल में नहीं है तो उसके मोबाइल नंबर पर फोन कर यह पता किया जा सकेगा कि वह कहां है और किन कारणों से अवकाश पर है या फिर बिना सूचना दिए गायब है।
सीएम योगी के इस आदेश की खूब प्रशंसा की जा रही है। वहीं दूसरी ओर बीएसए धर्मेंद्र सक्सेना का कहना है कि अभी शासन का आदेश मिला नहीं है। आदेश मिलने पर उसका पालन किया जाएगा।
उन्होंने सीएम द्वारा लिए गए इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे शिक्षा में सुधार आएगा और सभी को लाभ होगा। यदि स्कूल स्तर पर किसी को मोबाइल नंबर की जरूरत होगी तो उसे किसी से संपर्क करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
वहीं फोटो लगने से कोई भी अध्यापक अपने स्थान पर दूसरे किसी बाहरी व्यक्ति को स्कूल नहीं भेज पाएगा। ऐसे कई मामले प्रदेश में सामने आ चुके हैं।