बुलंदशहर। बिजली की अघोषित कटौती से शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता गर्मी से परेशान हो रहे हैं। लगातार बढ़ते जा रहे लोकल फॉल्ट और ट्रांसफार्मरों के फुंकने से बिजली संकट बन गया है। गर्मी बढ़ने के कारण लोड दोगुना हो गया है। इसके चलते ब्रेकडाउन फॉल्ट और ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या बढ़ गई है।
शहर के उपभोक्ताओं को 24 घंटे और गांव में 18 घंटे बिजली अनिवार्य रूप से आपूर्ति देने का सरकारी आदेश है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा। शहर और गांव में लोकल फॉल्ट के चलते घंटों बिजली गुल रहती है। कारपोरेशन बिजली संसाधनों को सही करने के नाम पर करोड़ रुपये पानी की तरह बहा रहा है। बावजूद जिले में अंधाधुंध कटौती जारी है। गर्मी बढ़ने के साथ ही लोड दोगुना हो गया है। इसके चलते ब्रेकडाउन ट्रांसफार्मर फुंकने और लाइनों में फॉल्ट बढ़ गए हैं। यह हाल तो तब है जब शहर में लाइनों को बदलने के साथ क्षमता वृद्धि भी कर दी गई है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। अघोषित बिजली कटौती के साथ ट्रिपिंग ने भी उपभोक्ताओं का हाल-बेहाल कर दिया है। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों तक एक दिन में 30 से 35 बार ट्रिपिंग हो रही है। इससे गर्मी में उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गर्मी में बिजली की खपत दोगुना हो गई है। इसी के चलते लाइनों में ब्रेक डाउन और फॉल्ट की समस्या हो रही है। इसको दुरुस्त करने के लिए लगातार टीम लगी हुई हैं। - राजीव कुमार अग्रवाल, चीफ इंजीनियर