जिला अस्पताल के काउंटर से दवा लेते मरीज। संवाद
बुलंदशहर। बदल रहे मौसम में लोगों को लगातार बीमारियां अपनी चपेट में ले रही है। इन दिनों अधिकतर लोग नजला-जुकाम और खांसी से पीड़ित हैं। वहीं, यह समस्या परिवार में किसी एक को होने पर दूसरे में भी फैल रही है। बीमारी से बचने के लिए लोग प्रतिदिन जिला अस्पताल पहुंच रहे है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1688 में से 338 मरीजों ने नजला-जुकाम, खांसी की समस्या का उपचार कराया।
पिछले एक माह से मौसम में लगातार बदलाव से नजला-जुकाम और खांसी की समस्या शुरू हो गई है। विशेषज्ञों के अनुसार यह श्वसन तंत्र के संक्रमण के कारण होने वाला रोग है। यह इंफेक्शन एक व्यक्ति से दूसरे में बहुत तेजी से फैलता है। बीमार व्यक्ति के खांसने या छींकने से दूसरा व्यक्ति आसानी से चपेट में आ जाता है। इन दिनों सरकारी चिकित्सालयों से लेकर निजी अस्पतालों में ऐसे मरीजों की भीड़ लगी रहती है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. परवेंद्र सिंह ने बताया कि ओपीडी में अन्य बीमारियों के कम नजला-जुकाम व खांसी के मरीज अधिक आ रहे है। संबंधित को बचाव के उपाय एवं परामर्श दिए जा रऐ हैं। जिससे यह रोग दूसरे में न फैले।
Iओपीडी में बदल रहे मौसम के चलते नजला-जुकाम, खांसी के मरीज अधिक आ रहे हैं। सोमवार को ओपीडी में करीब 338 मरीजों ने नजला-जुकाम व खांसी की समस्या बता चिकित्सकों से परामर्श लिया। सभी को दवा भी वितरित की गई। - डॉ. प्रदीप राणा, प्रभारी सीएमएस जिला अस्पतालI