खुर्जा। जटिया अस्पताल की ओपीडी में लगातार बुखार और डिहाइड्रेशन के मरीज पहुंचे रहे हैं। बुधवार को ओपीडी में करीब 840 मरीजों की जांच हुई, जिसमें 50 प्रतिशत बुखार और डिहाइड्रेशन के मरीज पहुंचे। गर्मी के कारण शारीरिक कमजोरी और डिहाइड्रेशन के 26 समेत कुल 40 मरीज भर्ती हुए।
अस्पताल के फिजिशियन डॉ. दिनेश ने बताया कि मौसम में उमस बढ़ रही है। ऐसे में शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे सोडियम की कमी होने लगती है। इससे शरीर में कमजोरी, चक्कर आना, नींद ज्यादा आना, बुखार और स्वाद खराब होने के लक्षण होने लगते हैं। ऐसे में लोगों को बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके लिए नमक-चीनी का घोल और ग्लूकोज का सेवन करते रहना चाहिए।
सामान्य स्वस्थ व्यक्ति को भी पानी निरंतर पीना चाहिए। सीएमएस डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि अस्पताल के ट्रामा सेंटर में एसी की व्यवस्था की गई है। जहां 20 मरीज और इमरजेंसी में 6 मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। अन्य मरीजों को नए वार्ड में भर्ती किया जा रहा है।