खुर्जा। कैश नहीं आने पर सुबह से इंतजार कर रहे ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया और दोपहर तक धराऊ गांव स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा नहीं खुलने दिया। ग्रामीणों की हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगो ंको समझाकर शांत कराया।
तहसील क्षेत्र के धराऊ गांव स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में रुपये निकालने के लिए लोग मंगलवार सुबह से पहुंचे थे। ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर बैंक में मात्र दो लाख रुपये का कैश आया है। तीन दिनों से लोग रोज कतार में खड़े होकर लौट रहे थे।
मंगलवार को भी बैंक में कैश नहीं होने की सूचना मिली तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह करीब 10 बजे जब कर्मी बैंक खोलने पहुंचे तो ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया और बैंक नहीं खुलने दिया। इसके चलते बैंक कर्मियों को भी बाहर खड़े रहना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझा कर लोगों को शांत कराया। तब कहीं जाकर 12 बजे बैंक खुल पाया।
बैंक बंद कर कैश बांटने पर भड़के ग्रामीण, लगाया जाम
बैंक बंद कर करीबियों को नई करेंसी बांटने से गुस्साए दशहरा गांव के ग्रामीणों ने पीएनबी शाखा प्रबंधक के खिलाफ हंगामा कर हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं, बैंक प्रबंधन ने आरोपों को निराधार बताया है।
मंगलवार सुबह अरनिया क्षेत्र के दशहरा गांव स्थित पीएनबी बैंक पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइन में खड़े होने के बाद कैश नहीं होने का बहाना कर उन्हें मना कर दिया गया। पिछले दो दिनों से बैंक प्रबंधन ऐसा कर रहा है।
आरोप है कि बैंक बंद करने के बाद करीबियों को नई करेंसी बांटी जाती है। इसे लेकर दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने हंगामा कर हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। करीब आधे घंटे बाद लोगों के हटने के बाद आवागमन सुचारु हो पाया। पीएनबी शाखा प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप निराधार हैं।
सिकंदराबाद में भीड़ हुई बेकाबू, पुलिस सख्त
नोट बंदी के 13 दिन बाद भी लोगों को बैंकों से राहत नहीं मिल पाई है। इससे उनमें आक्रोश पनपने लगा है। मंगलवार को एचडीएफसी बैंक के बाहर काफी देर तक लाइन में लगने के बाद भी नबंर नहीं आने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बैंक के शीशे तोड़ डाले।
हंगामे की सूचना पर सीओ यशवीर सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को हटाया। वहीं कैनरा बैंक में कैश समाप्त होने पर भड़क लोगों ने हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे ।
चेक वालों को भी राहत नहीं, मिले मात्र चार हजार
कस्बे में मंगलवार के इलाहाबाद बैंक में लंच के बाद कैश आते ही भीड़ लग गई। भीड़ को देखते हुए चेक धारकों को भी कोई राहत नहीं मिली। सभी को मात्र चार-चार हजार रुपये ही मिल सके।
राहुल कुमार, फारूक अहमद आदि ने बताया कि मंगलवार को 10-10 हजार के चेक लगाकर रकम निकालनी चाही तो बैंक कर्मियों ने चार हजार से अधिक रुपये देने से इनकार कर दिया। वहीं इलाहाबाद बैंक के प्रबंधक राजवीर सिंह का कहना है कि कैश कम आया है और उपभोक्ता ज्यादा हैं। सभी को नोट दिए जा रहे हैं।