30 जुलाई तक जमा करने होंगे ओपन कार्ड
बुलंदशहर। उप्र परिवहन निगम द्वारा एमएसटी-ओपन कार्ड से यात्रा करने पर मार्च माह में रोक लगा दी थी। जिन यात्रियों ने ओपन कार्ड अभी तक जमा नहीं किया हैं ऐसे यात्रियों को अब 30 जुलाई तक अपना ओपन कार्ड जमा करना होगा। जिससे ओपन कार्ड का बैलेंस यात्रियों को मिल सके।
बुलंदशहर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज सिंह पंवार ने बताया कि मार्च माह में एमएसटी-ओपन कार्ड से यात्रा पर रोक लगा दी गई थी। कुछ यात्रियों द्वारा रोक लगाने से पूर्व कार्ड के लिए पंजीकरण कराया था ऐसे यात्री प्राप्त रसीद के साथ अपने आधार कार्ड और बैंक पासबुक की छाया प्रति जमा कर दें। साथ ही जिन यात्रियों के ओपन कार्ड में बैलेंस बचा हुआ हैं वो यात्री भी अपने कार्ड को 30 जुलाई से पूर्व कार्यालय में जमा (सरेंडर) कर दें। जिससे यात्रियों का बैलेंस संबंधित के खाते में भेजने की प्रक्रिया शीघ्र की जा सके। बताया कि इसके बाद तिथि बढ़ने की संभावना नहीं हैं।