गुलावठी। थाना क्षेत्र के गांव औरंगाबाद अहीर निवासी महिला पूनम यादव ने अज्ञात शातिर के खिलाफ 1.88 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला के अनुसार आरोपी ने मोबाइल पर पार्ट टाइम जॉब के संबंध में लिंक भेजकर उसके खाते से ऑनलाइन रुपये निकाल लिए।
औरंगाबाद अहीर निवासी पूनम यादव ने तहरीर देकर बताया कि उसका गुलावठी के एक बैंक में खाता है। उसके खाते में उसके पति देवेंद्र सिंह का मोबाइल नंबर लिंक है। इससे उसे खाते के संबंध में लेन-देन का पता चलता है। पूनम यादव के अनुसार उसके पति देवेंद्र सिंह के मोबाइल फोन के व्हाट्सएप पर एक मैसेज पार्ट टाइम जॉब के संबंध में आया। मैसेज पढ़ने के बाद पति ने व्हाट्सएप पर बात करने के बाद अज्ञात शातिर ने टेलीग्राम पर जुड़ने के लिए लिंक भेजा। टेलीग्राम पर आरोपी ने ग्लोबल नाम से लिंक भेजकर फार्म भरने के लिए कहा। उसके पति शातिर के झांसे में आ गए और उन्होंने लिंक पर क्लिक कर अपनी सारी डिटेल्स भर दी। उसके तुरंत बाद ही खाते से 1.88 लाख रुपये कट गए। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।