संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर/बुगरासी। प्याज के रेट में अचानक बढ़ोतरी शुरू हो गई है। प्याज के रेट थोक में दोगुने हो चुके हैं। 10 दिन पहले थोक में करीब 20 रुपये किलो बिकने वाली प्याज के दाम बढ़कर 40 पर पहुंच गए। जबकि फुटकर में प्याज 50 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। इसका कारण व्यापारी आवक कम होना बता रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि अभी प्याज के दाम और बढ़ सकते हैं।
पिछले दिनों टमाटर महंगा होने के कारण थाली से गायब हो गया था। वहीं, अब प्याज के दाम बढ़ने पर लोगों की चिंता बढ़ गई है। जिले की मंडियों में नासिक और इंदौर से प्याज की आवक होती है। बुलंदशहर मंडी के प्रभारी सचिव मनमोहन सिंह ने बताया कि 10 दिन पूर्व तक प्याज थोक में 18 से 20 रुपये प्रति किलो तक बिक रही थी। जबकि फुटकर में प्याज के दाम 25 से 30 रुपये तक चल रहे थे। अब अचानक आवक कम होने के कारण प्याज के थोक में रेट 40 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। बुगरासी के आढ़ती मोहित कुमार और चांद खां ने बताया कि पिछले 10 दिन में प्याज के थोक में रेट दोगुने हो गए हैं। इसका कारण प्याज की आवक कम होना है। साथ ही क्षेत्र की प्याज नहीं होना भी इसका एक कारण है। फिलहाल लोग आने वाले शादी समारोह के समय में प्याज के रेट में और भी महंगाई की उम्मीद को लेकर चिंतित हैं। बुलंदशहर सब्जी मंडी के आढ़ती खुशीराम लोधी ने ने बताया कि प्याज की फसल अब खत्म होने को है। ऐसे में मांग की तुलना में आवक कम होने से प्याज की दाम में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। नासिक मंडी में ही प्याज 30 से 35 रुपये किलो के बीच बिक रहा है। इसका असर स्थानीय मंडियों में पड़ने लगा है। उन्होंने बताया कि अभी करीब एक महीने तक लोगों को प्याज की बढ़ी हुई कीमतों से निजात नहीं मिलने वाली है। दिसंबर तक नई फसल तैयार होगी, तभी प्याज के दाम में गिरावट संभव है।
-
सब्जियों के दाम में भी चल रहा उतार-चढ़ाव
एक ओर जहां अब प्याज के दाम में बढ़ोतरी होने लगी है। वहीं, दूसरी ओर सब्जियों के दाम में भी उतार-चढ़ाव जारी है। सब्जी विक्रेता धर्मपाल ने बताया कि इस समय फूल गोभी, बैंगन, लौकी, तोरई और भिंडी समेत कई सब्जी ऐसी हैं, जिनके दामों में पांच से दस रुपये बढ़े हैं। टमाटर के दाम 20 रुपये प्रति किलो पर टिके हैं। जबकि शिमला मिर्च, अदरक, मूली, करेला, नींबू और धनिया के दामों में कुछ गिरावट भी आई है। सब्जी विक्रेता सुरेश का कहना है कि सब्जियों के दाम में उतार-चढ़ाव पिछले एक सप्ताह से जारी है।
यह चल रहे हैं सब्जी के रेट प्रति किलो
सब्जी का नाम - पहले का भाव - अब का भाव
फूल गोभी - 30 से 35 - 35 से 40 रुपये टमाटर - 20 रुपये
लौकी - 25 - 30 रुपये
बैंगन - 40 - 50 रुपये
तोरई - 30 - 40 रुपये
भिंडी - 30 - 40 रुपये
सिमला मिर्च - 120 - 80 रुपये
करेला - 60 - 50 रुपये
हरी मिर्च - 100 - 60 रुपये
अदरक - 160 - 140 रुपये
नींबू - 120 - 100 रुपये
धनिया 150 से 100 रुपये
मूली 30 - 20 रुपये