संवाद न्यूज एजेंसी
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र में दोस्तों के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बीटेक के छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
बुलंदशहर के मोहल्ला गिरधारी नगर निवासी सुबोध सिरोही ने जहांगीराबाद पुलिस को देकर तहरीर बताया कि उसका भतीजा यश सिरोही बीटेक का छात्र है। गत 14 फरवरी की देर रात वह अपने एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए जहांगीराबाद जा रहा था। इस दौरान उसके साथ उसके दो दोस्त क्रिस निवासी शामली व उज्ज्वल निवासी मेरठ भी थे। तीनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान गांव शिवाली के समीप सामने से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के द्वारा तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने यश सिरोही को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल को मेरठ के लिए रेफर किया गया। वहीं छात्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गमगीन माहौल में मृतक छात्र का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार युवक भी घायल बताया गया है।