बुलंदशहर। एलएलबी तृतीय वर्ष में प्रवेश के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की ओर से छात्र-छात्राओं को एक और मौका दिया जा रह है। एक अक्तूबर से सीसीएसयू का पोर्टल खोल दिया जाएगा। पंजीकरण की प्रक्रिया चार अक्तूबर तक चलेगी। इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
सरस्वती विद्या मंदिर लॉ कॉलेज शिकारपुर के प्राचार्य विनोद कुमार ने बताया कि सीसीएसयू से संबंधित कॉलेजों में संचालित एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में सत्र 2025-26 में प्रवेश लेने के लिए छात्र-छात्राओं को एक और मौका दिया गया है। इच्छुक छात्र विवि की वेबसाइट पर एक से चार अक्तूबर तक पंजीकरण करवा सकते हैं।
सात अक्तूबर तक कॉलेज पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं से पंजीकरण की हार्ड कापी जमा करेंगे। इसके बाद इसका सत्यापन होगा और मेरिट जारी की जाएगी। इसमें शामिल छात्र-छात्राओं को नौ, 10 व 11 अक्तूबर तक प्रवेश कराने का मौका दिया जाएगा। बताया कि इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसलिए प्रवेश कराने वाले इच्छुक विद्यार्थियों को चाहिए कि वह अपना समय पर पंजीकरण कराए। साथ ही मेरिट में नाम आने पर निर्धारित तिथि तक प्रवेश सुनिश्चित करा लें। इसके बाद दूसरा मौका नहीं मिलेगा।