मुठभेड़ के बाद पशु कटान का एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
गुलावठी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पशु कटान करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा व पशु कटान के औजार बरामद किए हैं। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गांव नत्थूगढ़ी गेट के निकट पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पशु कटान करने वाले दो आरोपी बाइक पर सवार होकर सिकंदराबाद से गुलावठी की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहनों की चेकिंग शुरू की तो एक बाइक सवार दो बदमाश आते दिखे, जिन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपियों पर गोली चलाई तो एक बदमाश के पैर में गोली लगी। जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाश का नाम फरियाद निवासी मोहल्ला पीर खां गुलावठी है। घायल हालात में बदमाश को सीएचसी में भर्ती कराया है। जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी है। इसके खिलाफ गुलावठी और बीबी नगर थाने में अवैध पशु कटान, गैंगस्टर एक्ट, चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस, एक मोटरसाइकिल, पशु कटान में प्रयोग किए जाने वाले हथियार बरामद किए हैं।