नगर के पुराने रोडवेज बस अड्डे के जीर्णोद्धार की आस अब बंध गई है। पुरातत्व विभाग के कमिश्नर ने लंबी प्रक्रिया के बाद हरी झंडी दे दी है । जल्द ही एनओसी मिल जाएगी जिसके चलते समाज कल्याण निर्माण विभाग ने फिर से अड्डे के निर्माण करवाने की तैयारी तेज कर दी है।
बता दें कि शासन ने विगत वर्ष नगर के पुराने बस अड्डे का जीर्णोद्वार करने के लिए दो करोड़ की राशि स्वीकृत की थी। बस अड्डा निर्माण की जिम्मेदारी समाज कल्याण निर्माण विभाग को दी गई थी। पूरी प्रक्रिया के बाद बस अड्डे के निर्माण का कार्य शुरू हो गया था।
करीब सात माह पूर्व पुरातत्व विभाग ने बस अड्डे को पुरातत्व महत्व की अंग्रेजों की मजार के नजदीक होने का दावा करते हुए काम रुकवा दिया था। इस पर राज्य परिवहन निगम के अधिकारियों ने पुरातत्व विभाग से संपर्क किया और जिला प्रशासन का भी सहयोग लिया।
कई बार जांच हुई और पुरातत्व विभाग ने रजामंदी दे दी मगर कोई ना कोई पेंच सामने आता रहा। एक बार अब फिर पुरातत्व विभाग के कमिश्नर ने निर्माण कार्य को हरी झंडी दे दी है। समाज कल्याण निर्माण विभाग के जेई आरपी सिंह के अनुसार पुरातत्व विभाग के कमिश्नर ने बस अड्डा निर्माण को हरी झंडी देते हुए जल्द ही एनओसी देने की बात कहीं है। इसके चलते निर्माण कार्य की तैयारी शुरू हो गई है।